नदी मानव जीवन का मूल आधार रही है इसलिए अरपा नदी को बिलासपुर की आत्मा कहा जाता है। यह नदी न केवल बिलासपुर का बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी है। राज्य गीत का पहला शब्द अरपा नदी को समर्पित है । इसके बावजूद भी अरपा नदी के भौतिक सामाजिक आर्थिक और सांस्कृतिक पहलूओं पर विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन का अब तक अभाव रहा है। इस नदी से सम्बंधित विभिन्न लोगों और स्रोतों से प्राप्त रहस्यमयी जानकारियों कथाओं और आस्थाओं से मन मस्तिष्क में अदम्य जिज्ञासाओं ने जन्म लिया तत्संबंधी भ्रांतियों और जिज्ञासाओं को यात्रा द्वारा गत चार वर्षों में सतत अन्वेषण कर प्रमाणिक वैज्ञानिक एवं तार्किक स्वरुप में प्रस्तुत करने का प्रयास ही है यह पुस्तक कहानी अरपा की।