जेल में मुलाकातियों से पैसों की वसूली एक ऐसी घटना है जो कानूनन गलत है लेकिन जो एक परंपरा बन चुकी है। लेकिन यदि यह वसूली एक परमवीर चक्र विजेता की बेवा से की जाए तो यह एक शर्मनाक घटना बन जाती है। बेरमो कोयलांचल के समाजसेवी और पत्रकार सुबोध सिंह पवार ने जब हवलदार परमवीर परमअब्दुल हमीद की बेवा से तेनुघाट जेल गेट पर वसूली करने का दृश्य अपनी आंखों से देखा तो अंदर से हिल गए। वे उन्हें अपने घर ले आए और सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया। इसके साथ ही हवलदार हमीद शहादत दिवस मनाने की परंपरा की शुरुआत की जो आज भी अनवरत रूप से जारी है। जेल गेट से शुरू हुई यह कहानी एक बड़े आंदोलन का प्रस्थान बिंदु बन गई।