भारत का राष्ट्रीय ध्वज जिन तीन रंगों से बना है उनके प्रतीकों को मैंने इस काव्य-कृति ''तिरंगा तन-मन'' के गीतों का केन्द्र-बिन्दु बनाया है व उनके अर्थों को विस्तार देने का प्रयत्न किया है। यहाँ तिरंगा हाथ में नहीं है बल्कि तन-मन दोनों तिरंगे से रंगे हुए हैं। केसरिया रंग भारत के शौर्य और साहस को दर्शाता है तो राष्ट्रध्वज के धर्म चक्र के साथ सफ़ेद रंग की बीच की पट्टी देश के मूल स्वभाव व स्वरूप शांति सच्चाई पवित्रता त्याग-भावना एवं सादगी का प्रतीक है। ध्वज में नीचे की पट्टी का हरा रंग भारत की हरी-भरी भूमि की उर्वरता देश की समृद्धि और शुभता का प्रतीक है। इस संग्रह के गीतों में यह सब अपनी तमाम ख़ूबियों के साथ प्रकट हो ऐसा चाहा है।